अंबिकापुर। शहर के बैरीपारा निवासी शचि जायसवाल ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2024 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 654वीं रैंक हासिल की है। इस उपलब्धि से अंबिकापुर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।शचि के पिता मोहन जायसवाल और माता अमिता जायसवाल मूलतः बैरीपारा, अंबिकापुर के निवासी हैं।
शचि की प्रारंभिक शिक्षा अंबिकापुर में ही हुई। उन्होंने कक्षा 1 से 8वीं तक की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय अंबिकापुर से की। इसके बाद 9वीं से 12वीं तक की शिक्षा होली क्रॉस कॉन्वेंट स्कूल, अंबिकापुर से प्राप्त की। शचि ने स्नातक की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज से की और उसके बाद जेएनयू (जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय) से पोस्ट ग्रेजुएशन और पीएच.डी. पूरी की।
उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे अंबिकापुर क्षेत्र को गर्व महसूस हो रहा है। शची की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों ने उनके घर पहुंचकर मिठाइयाँ बाँटी और बधाइयाँ दीं। शची ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और कठिन परिश्रम को दिया है।