आज ठिठुरन भरी सर्दी के लिए तैयार रहें ! कुछ घंटों में होने वाली है बारिश,पहाड़ों पर होगी बर्फबारी,जानिए अपने यहां का मौसम

नई दिल्ली:देश की राजधानी दिल्ली-एनसीआर में सुबह और शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हालांकि दिन में धूप के भी दर्शन हो रहे हैं। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में तीन दिनों तक बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक एनसीआर के लोगों को 27 और 28 दिसंबर को तेज बारिश और तेज हवा का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट देखने को नहीं मिलेगी। बारिश के बाद लोगों को घने कोहरे और तापमान में गिरावट का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए अलर्ट के मुताबिक 27 और 28 दिसंबर को तूफान के साथ तेज बारिश हो सकती है।

बारिश के बाद दिल्ली में घना कोहरा लगेगा

मौसम विभाग के मुताबिक 29 दिसंबर को घना कोहरा छाया रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं, 30 दिसंबर को भी घना कोहरा छाया रहेगा। हालांकि, इस दिन अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहने की संभावना है। साल के अंतिम दिन यानी 31 दिसंबर को घने कोहरे की संभावना जताई गई है। इस दिन अधिकतम तापमान 22 डिग्री रहने और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक रह सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ों पर हो रही लगातार बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के चलते ही मैदानी इलाकों में भी लोगों को ठिठुरन भरी सर्दी का सामना करना पड़ेगा।

राजस्थान के कई इलाकों मे जबरदस्त ठंड

राजस्थान के अधिकतर इलाके भीषण ठंड की चपेट में हैं और मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार से राज्य में कई जगह बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान जताया है। मौसम केंद्र, जयपुर के अनुसार, बीते 24 घंटे में राज्य में मौसम आमतौर पर शुष्क रहा। इस दौरान कहीं कहीं घने से अति घना कोहरा छाया रहा और पश्चिमी राजस्थान में ‘शीत दिवस’ दर्ज किया गया। 27 दिसंबर को कुछ जगहों पर बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, 28 दिसंबर को कोटा, भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने और शेष अधिकांश भाग में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि 29 दिसंबर से मौसम शुष्क रहेगा तथा कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रहेगा व तापमान में गिरावट हो सकती है।

कश्मीर में बर्फबारी की संभावना

कश्मीर भयंकर शीतलहर की चपेट में है और न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से कई डिग्री नीचे पहुंच गया है। शुक्रवार और शनिवार को ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है, क्योंकि क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव होने की संभावना है। कश्मीर घाटी में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे घाटी में ठंड का प्रकोप जारी रहा। पारे में गिरावट के कारण विभिन्न क्षेत्रों में कई जलाशयों और जलापूर्ति लाइन में पानी जम गया है। मौसम विभाग के अनुसार, 29, 30 और 31 दिसंबर को मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा जबकि एक से चार जनवरी तक कश्मीर में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बर्फबारी की संभावना है।

उत्तर-भारत में सर्दी का कहर

मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड की स्थिति बनी हुई है। पंजाब में अमृतसर में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर में 5.7 डिग्री सेल्सियस और गुरदासपुर में 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में नारनौल 5.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। हिसार में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस, करनाल और सिरसा में 8 डिग्री सेल्सियस और गुरुग्राम में 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग

WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें