कैबिनेट मीटिंग में साय सरकार के 5 अहम निर्णय ,धान खरीदी से लेकर स्टेडियम तक बड़ी घोषणाएं

हाथोर समाचार,रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आज हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रदेश हित से जुड़े कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में कृषि, शासन सुधार, धान खरीदी, आवास योजनाओं और खेल संरचना से संबंधित महत्वपूर्ण फैसले शामिल रहे।

दलहन-तिलहन की समर्थन मूल्य पर खरीद जारी रहेगी

कैबिनेट ने खरीफ एवं रबी विपणन मौसम में दलहन-तिलहन की समर्थन मूल्य पर खरीद को जारी रखते हुए प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PSS) के तहत उपार्जन करने का निर्णय लिया है।
इस योजना के तहत अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली, सोयाबीन के साथ रबी मौसम के चना, सरसों और मसूर का समर्थन मूल्य पर उपार्जन किया जाता है।
मंडियों में खरीद व्यवस्था रहने से प्रतिस्पर्धा बढ़ती है, जिससे किसानों को उनकी फसल का बेहतर मूल्य मिलने की संभावना रहती है।

विभागों का पुनर्गठन, सुशासन को बढ़ावा

मंत्रिपरिषद ने छत्तीसगढ़ शासन कार्य (आवंटन) नियम में संशोधन करते हुए

  • सार्वजनिक उपक्रम विभाग को वाणिज्य एवं उद्योग विभाग में,
  • तथा बीस सूत्रीय कार्यक्रम विभाग का योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग में विलय करने का निर्णय लिया।

यह कदम ‘मिनिमम गवर्मेंट, मैक्सिमम गवर्नेंस’ की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

धान खरीदी के लिए 26,200 करोड़ की गारंटी

राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए खरीफ वर्ष 2024-25 की 15 हजार करोड़ की शासकीय प्रत्याभूति को अगले वर्ष के लिए पुनर्वेधीकृत किया गया है।
इसके साथ ही 11,200 करोड़ रुपए की अतिरिक्त सरकारी गारंटी विपणन संघ को प्रदान किए जाने का निर्णय लिया गया है।

आवास योजनाओं में पात्रता नियमों में संशोधन

दीनदयाल आवास, अटल आवास, अटल विहार एवं नवा रायपुर मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत अविक्रित भवनों की बिक्री के नियमों में महत्वपूर्ण संशोधन किए गए—

  1. EWS एवं LIG भवनों की 3 बार विज्ञप्ति के बाद, अविक्रित भवनों को किसी भी आय वर्ग के हितग्राही को बेचा जा सकेगा।
    • हालांकि ऐसे खरीदारों को शासन द्वारा स्वीकृत अनुदान का लाभ नहीं मिलेगा
  2. यदि कोई एकल व्यक्ति, संस्था या विभाग Bulk Purchase का प्रस्ताव देता है, तो उन्हें भी एक से अधिक भवन बेचे जा सकेंगे।
    • इन्हें भी अनुदान नहीं मिलेगा।

निर्णय का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

नवा रायपुर क्रिकेट स्टेडियम छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ को लीज पर

शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (नवा रायपुर) को दीर्घकालीन संचालन एवं विकास के लिए छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ को लीज पर देने का निर्णय लिया गया है।
इससे खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध होंगी और राज्य में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मैचों के आयोजन की संभावनाएं और बढ़ेंगी।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग

WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें