हाथोर समाचार,सूरजपुर। जिले के मंडल जरही के मरहठा गांव स्थित लक्ष्मण पांज धार्मिक स्थल पर 14 दिसंबर को भव्य हिंदू सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रविवार को आयोजन समिति की बैठक संपन्न हुई, जिसमें विभिन्न जिम्मेदारियों का वितरण किया गया और तैयारियों की समीक्षा की गई।

सम्मेलन की शुरुआत सुबह 11 बजे से होगी। कार्यक्रम में पारंपरिक करमा नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सामाजिक संदेशों पर आधारित नुक्कड़ नाटक और भक्तिमय भजन आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेंगे। स्थानीय कलाकार अपने प्रदर्शनों के माध्यम से क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करेंगे।
समारोह में संघ के विभाग प्रचारक नागेश नाथ योगी का विशेष बौद्धिक सत्र भी रखा गया है, जिसमें सामाजिक एकता, संगठन और सांस्कृतिक संरक्षण पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।
खंड कार्यवाह हेमंत पैकरा ने बताया कि हिंदू सम्मेलन का उद्देश्य समाज को संगठित करना और युवाओं में जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।



