बिट्टू सिहं राजपूत ,सूरजपुर। निकाय चुनाव के आरक्षण की घोषणा के बाद क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नगर पंचायत जरही में अध्यक्ष पद के दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। भाजपा और कांग्रेस, दोनों ही दलों में टिकट के लिए जोर-आजमाइश शुरू हो गई है।
इस क्रम में, नगर पंचायत जरही से करीब 200 से अधिक लोगों ने क्षेत्रीय विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते के अंबिकापुर स्थित निवास पर पहुंचकर मुलाकात की। उन्होंने अध्यक्ष पद के लिए टिकट को लेकर चर्चा की और जरही निवासी भाजपा नेता व अधिवक्ता पूरन राम राजवाड़े को टिकट देने की मांग की।

कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने विधायक को बताया कि पूरन राम राजवाड़े पार्टी के प्रति वर्षों से निष्ठावान रहे हैं और क्षेत्र के विकास में उनका योगदान सराहनीय है। 15 वार्डों के भाजपा कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने एकमत से उन्हें अध्यक्ष पद का योग्य दावेदार बताया।
दर्जनों वाहनों के काफिले के साथ पहुंचे कार्यकर्ताओं ने विधायक के सामने अपनी मांग रखी। इस मौके पर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी बात संगठन तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने कहा, “पार्टी का निर्णय सर्वमान्य होगा। मैं आपकी भावनाओं को ध्यान में रखते हुए संगठन के सामने मजबूती से प्रस्तुत करूंगी।”

इस मुलाकात ने भाजपा कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया है। सभी ने एकजुट होकर संगठन के सामने अपनी मांग को मजबूती से रखने का संकल्प लिया।
नगर पंचायत जरही के चुनावी माहौल में इस घटना ने राजनीतिक गतिविधियों को और तेज कर दिया है। अब सबकी नजरें भाजपा के अंतिम निर्णय पर हैं, जो यह तय करेगा कि अध्यक्ष पद का उम्मीदवार कौन होगा।