सूरजपुर। प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के सिलफीली जंगल में शिक्षक जीवधन जायसवाल पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी जितेंद्र जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब फरार दूसरे आरोपी अनिल जायसवाल की तलाश में जुटी है। घटना प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मरकाडाड निवासी जीवधन जायसवाल के साथ हुई, जब वे शैक्षणिक कार्य से लौट रहे थे।
रास्ते में सिलफीली जंगल के पास घात लगाए बैठे आरोपी जितेंद्र जायसवाल और अनिल जायसवाल ने उन पर जानलेवा हमला किया। हमलावरों ने उन्हें मृत समझकर वहीं छोड़ दिया और फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था और आरोपियों की तलाश जारी थी। एडिशनल एसपी संतोष महतो ने बताया कि पुलिस ने जितेंद्र जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अनिल जायसवाल की तलाश जारी है। पुलिस जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।