भोजपुरी स्टार पवन सिंह को हत्या की धमकी, मुंबई पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

पटना/मुंबई। भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह को व्हाट्सऐप और एसएमएस के जरिए जान से मारने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। मिली जानकारी के अनुसार, एक संदेश में चेतावनी दी गई कि अगर पवन सिंह, सलमान खान के रियलिटी शो बिग बॉस की शूटिंग करते हैं, तो उनकी हत्या कर दी जाएगी। संदेश प्राप्त होते ही अभिनेता ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

ओशिवारा थाने में दर्ज कराई शिकायत, घर के बाहर बढ़ाई सुरक्षा
धमकी के बाद पवन सिंह ने मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर मुंबई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उनके आवास के बाहर सुरक्षा घेरा मजबूत कर दिया है। फिलहाल अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और उनकी गतिविधियों पर खास निगरानी रखी जा रही है।

धमकी के बावजूद बिग बॉस की शूटिंग पूरी
सूत्रों के मुताबिक पवन सिंह ने धमकी वाली घटना से कुछ समय पहले ही सलमान खान के शो बिग बॉस के लिए अपनी शूटिंग पूरी की थी। देर रात वे अपने मुंबई स्थित घर लौटे, जहां वे इस समय ठहरे हुए हैं। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस लगातार हालात पर पैनी नजर बनाए हुए है।

पहले मिल चुकी है Y+ श्रेणी की सुरक्षा
चुनावी प्रचार के दौरान पवन सिंह को Y+ कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की गई थी, हालांकि वर्तमान में यह सुरक्षा उनके पास नहीं है। लेकिन खतरे का स्तर देखते हुए मुंबई पुलिस ने उन्हें अस्थायी सुरक्षा उपलब्ध करा दी है।

इंडस्ट्री में नाराजगी, पुलिस जांच में जुटी
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के प्रचारक संजय भूषण पाटियाला ने इस धमकी की कड़े शब्दों में निंदा की है और पवन सिंह की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है। वहीं ओशिवारा पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Previous article
Next article

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग

WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें