बिहार चुनाव का ‘सुपर संडे’, आरा से पटना तक पीएम मोदी की चुनावी हुंकार, राजधानी में होगा भव्य रोड शो

पटना/नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार में आज का दिन पूरी तरह राजनीतिक रंग में रंगा नजर आएगा। रविवार का यह दिन यानी ‘सुपर संडे’ राज्य की राजनीति के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। सभी दलों के दिग्गज नेता मैदान में उतर रहे हैं, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज एनडीए उम्मीदवारों के समर्थन में पूरे जोश के साथ प्रचार अभियान की कमान संभालेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी आज आरा, नवादा और पटना में अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए जनता से सीधे संवाद करेंगे और एनडीए के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश करेंगे।

मोदी का चुनावी कार्यक्रम

प्रधानमंत्री मोदी का दिन आज बेहद व्यस्त रहेगा। उनका पहला कार्यक्रम आरा में दोपहर 1:30 बजे निर्धारित है, जहां वे विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां वे लोगों से एनडीए उम्मीदवारों को भारी मतों से जीत दिलाने की अपील करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री का दूसरा चुनावी पड़ाव होगा नवादा, जहां वे 3:30 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे।

नवादा से वे राजधानी पटना के लिए रवाना होंगे, जहां शाम को उनके कार्यक्रमों की एक शृंखला तय है। मोदी सबसे पहले 5:25 बजे राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।

पटना में दिखेगा मोदी मैजिक

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी शाम 5:30 बजे पटना में एक भव्य रोड शो करेंगे, जो शहर की सड़कों पर जनसैलाब का नजारा पेश करेगा। यह रोड शो दिनकर गोलंबर से शुरू होकर नाला रोड, बारी पथ, ठाकुरबाड़ी रोड, बाकरगंज होते हुए गांधी मैदान स्थित उद्योग भवन तक जाएगा।

रोड शो के दौरान पूरे मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एनडीए कार्यकर्ताओं और समर्थकों में इसे लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।

कार्यक्रम का समापन पटना साहिब में

प्रधानमंत्री मोदी का आज का कार्यक्रम शाम 6:45 बजे पटना साहिब गुरुद्वारा में मत्था टेकने के साथ समाप्त होगा। यह दौरा न केवल राजनीतिक दृष्टि से बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सुपर संडे में जोर आजमाइश

आज बिहार की सियासत में हर दल अपनी पूरी ताकत झोंक रहा है। भाजपा, जदयू, राजद और कांग्रेस सभी के बड़े चेहरे अलग-अलग इलाकों में रैलियां कर रहे हैं। ऐसे में यह दिन बिहार चुनाव प्रचार का सबसे गरम और निर्णायक सुपर संडे बन गया है।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग

WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें