“छत्तीसगढ़ के इस जिले में बर्ड फ्लू की पुष्टि, कलेक्टर ने 10 किमी क्षेत्र में अलर्ट जारी किया, पोल्ट्री उत्पादों पर प्रतिबंध”

हाथोर समाचार डॉट कॉम,बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लुएंजा H5N1) की पुष्टि होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है। शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र कोनी में संक्रमण पाए जाने के बाद जिला प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से व्यापक नियंत्रण एवं रोकथाम के निर्देश जारी कर दिए हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर पूरे मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्र को इन्फेक्टेड और सर्विलांस जोन घोषित किया गया है।

प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पोल्ट्री फार्म के एक किलोमीटर के दायरे को इन्फेक्टेड जोन और इसके बाहर 1 से 10 किलोमीटर तक के क्षेत्र को सर्विलांस जोन में रखा गया है। इन्फेक्टेड जोन में रामकृष्ण परमहंस नगर और विद्यासागर नगर वार्ड को शामिल किया गया है, जहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। वहीं, आसपास के कई वार्डों को सर्विलांस जोन में रखते हुए स्वास्थ्य एवं पशुपालन विभाग की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए प्रभावित और सर्विलांस जोन में चिकन, अंडे सहित सभी पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री, परिवहन और भंडारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। संबंधित दुकानों को अस्थायी रूप से बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही डोर-टू-डोर डिलीवरी पर भी रोक लगा दी गई है। संक्रमित मुर्गियों और अपशिष्टों के निपटान के लिए जैव सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

कुक्कुट फार्म में कार्यरत कर्मचारियों के स्वास्थ्य की भी नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार के संक्रमण को समय रहते नियंत्रित किया जा सके। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला कंट्रोल रूम को सक्रिय कर दिया गया है। किसी भी संदिग्ध स्थिति की जानकारी देने हेतु डॉ. जी.एस. तंवर (मो. 88278 17931) और डॉ. वीरेंद्र पिल्ले (मो. 94061 58769) से संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग

WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें