बिट्टू सिंह राजपूत ,सूरजपुर। भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी की नियुक्ति के नौ माह बाद आखिरकार जिले की भाजपा जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है। हालांकि घोषित कार्यकारिणी में गुटीय संतुलन के अभाव को लेकर भीतरखाने असंतोष की चर्चा तेज है। जगह न मिलने से कई पुराने और सक्रिय कार्यकर्ता मायूस दिखाई दे रहे हैं। इधर, कार्यकारिणी की घोषणा के बाद अटल कुंज में पहुंचे नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।

जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी ने पार्टी प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंहदेव और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की सहमति से कार्यकारिणी घोषित की। इस बार अधिकांश नए चेहरों को शामिल किया गया है। छह जिला उपाध्यक्षों में से पांच ट्राइबल वर्ग से बनाए गए हैं। इनमें महेश्वर पैकरा, शिवप्रसाद सिंह, शोभनाथ राजवाड़े, संत सिंह, संध्या सिंह और देवधन बिंझिया शामिल हैं। वहीं अशोक सिंह व पूर्व मंत्री रेणुका सिंह के करीबी माने जाने वाले शशिकांत गर्ग को जिला मंत्री और संदीप अग्रवाल को जिला कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा दीपक गुप्ता, राजेश्वर तिवारी, गौरी सिंह, प्रतिमा साहू, लालती सिंह और सुमित्रा राजवाड़े को जिला मंत्री बनाया गया है। मीडिया प्रभारी मुकेश गर्ग तथा सह प्रभारी प्रदीप द्विवेदी होंगे। कार्यालय मंत्री रीतेश जायसवाल व सहमंत्री संजय सोनी बनाए गए हैं। लीलू गुप्ता सोशल मीडिया प्रभारी, पवन साहू सह प्रभारी, शिव राजवाड़े आईटी सेल संयोजक और विक्रम नामदेव सह संयोजक बनाए गए हैं।
पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा, चर्चा गरम
घोषणा के बाद पूर्व जिलाध्यक्ष बाबूलाल गोयल की कार्यकारिणी में सक्रिय रहे कई पदाधिकारियों को बाहर का रास्ता दिखाए जाने को लेकर चर्चाएं गरम हैं। विधानसभा, डीडीसी और बीडीसी चुनाव में पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के विरुद्ध चुनाव लड़ने वाले नेताओं को इस कार्यकारिणी में महत्व दिए जाने से निष्ठावान कार्यकर्ताओं में असंतोष गहरा गया है। कई कार्यकर्ता सोशल मीडिया पर स्टेटस लगाकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।