कन्हैयालाल लोधी ,रामानुजनगर। विकासखंड मुख्यालय स्थित मंगल भवन में खंड स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक भूलन सिंह मरावी शामिल हुए। इस अवसर पर सेवा निवृत्त शिक्षकों के साथ वर्ष 2026 के लिए राज्यपाल पुरस्कार हेतु चयनित दो शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

समारोह पूर्व राष्ट्रपति एवं प्रख्यात शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सम्मानित शिक्षक सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि विकासखंड में हजारों शिक्षक कार्यरत हैं लेकिन चुनिंदा ही सम्मानित हो रहे हैं, इस पर सभी शिक्षकों को चिंतन करना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन सिंह और जनपद अध्यक्ष गुलाब सिंह ने भी संबोधित किया। स्वागत गीत नन्ही बच्चियों ने प्रस्तुत किया। सेवा निवृत्त शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए गुरु की महत्ता पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि राजलाल राजवाड़े, सदस्य हेमलता राजवाड़े, पूर्व मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण दुबे, विधायक प्रतिनिधि संत साहू, भाजपा जिला मंत्री दीपक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षक-शिक्षिकाएं और गणमान्यजन उपस्थित रहे।