आरएसएस की पसंद चंद्रमणि, जिला पंचायत सदस्य चुनाव में बड़ी जीत
बिट्टू सिहं राजपूत ,सूरजपुर,। प्रतापपुर ब्लॉक के जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक 12 से चंद्रमणि देवा पैंकरा ने शानदार जीत दर्ज की है। भाजपा समर्थित उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहीं चंद्रमणि ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को सात हजार से अधिक मतों से हराया। आरएसएस की पसंद रहीं चंद्रमणि की इस जीत ने उन्हें जिला पंचायत सूरजपुर के अध्यक्ष पद की सबसे मजबूत दावेदार बना दिया है।
भाजपा और आरएसएस के समर्थन से मिली जीत
चंद्रमणि पैंकरा को भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का समर्थन प्राप्त था। दूसरी ओर, कांग्रेस ने सविता देवसाय आयम को अपना प्रत्याशी बनाया था, जबकि भाजपा की बागी उम्मीदवार नीलिमा पैंकरा, क्षेत्रीय विधायक के समर्थन से चुनाव मैदान में थीं। रविवार को मतदान और मतगणना के बाद प्रारंभिक आंकड़ों में चंद्रमणि की भारी जीत सामने आई। हालांकि, निर्वाचन आयोग की आधिकारिक घोषणा और प्रमाण पत्र वितरण आज होगा जाएगा।
चंद्रमणि पैकरा के पति देवपाल सिहं पैकरा पहले भी जिला पंचायत चुनाव लड़ चुके हैं। पिछली हार के बावजूद उन्होंने क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखे थे। संघ की सक्रिय कार्यकर्ता होने के कारण पत्नी चंद्रमणि आरएसएस की पहली पसंद बनीं और भाजपा ने उन्हें अपना समर्थन दिया। इस बार उन्होंने बड़ी जीत दर्ज कर यह साबित कर दिया कि जनता उनके साथ है।
जीत के बाद समर्थकों का उत्साह
चंद्रमणि की जीत के बाद उनके समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उन्हें बधाई देने पहुंचे। अपनी जीत के बाद चंद्रमणि पैंकरा ने कहा, “यह जीत जनता और कार्यकर्ताओं की है। मैं कभी उनके विश्वास को नहीं तोड़ूंगी। मेरे लिए क्षेत्र के प्रत्येक गांव और नागरिक की सेवा प्राथमिकता होगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि उनके क्षेत्र के अधिकतर गांव हाथी प्रभावित हैं। इसलिए उनका प्रमुख ध्यान हाथी प्रभावित इलाकों में सुरक्षा उपाय बढ़ाने और मुआवजा जल्दी दिलाने पर रहेगा। विकास कार्यों को गति देने का भी उन्होंने संकल्प लिया।
क्षेत्र क्रमांक 10 से लवकेश पैंकरा की जीत
प्रतापपुर ब्लॉक के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 10 से भाजपा के लवकेश पैंकरा ने जीत दर्ज की है। हालांकि, इस क्षेत्र में भाजपा ने किसी एक उम्मीदवार को समर्थन नहीं दिया था। भाजपा के दो नेता – लवकेश पैंकरा और लालती सिंह – चुनाव मैदान में थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लवकेश पैंकरा ने करीब 1166 वोटों के अंतर से जीत हासिल की है।
लवकेश पहले भी जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। वे पूर्व गृह मंत्री रामसेवक पैंकरा के पुत्र हैं । इस जीत के बाद वे दूसरी बार जिला पंचायत सदस्य बने हैं, जिससे उनकी राजनीतिक स्थिति और मजबूत हो गई है।सबसे अधिक इनकी जीत की चर्चा इसलिए हो रही हैं की क्षेत्रिय विधायक लालती सिहं के पक्ष में लगातार गांव गांव में प्रचार कर रही थी वहीं दुसरी ओर कांग्रेस के दिग्गज युवा ने जगत आयम भी चुनावी मैदान में थे।
क्षेत्र क्रमांक 11 में भाजपा समर्थित वासुदेव मांझी की जीत का दावा

प्रतापपुर के जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 11 से भाजपा समर्थित वासुदेव मांझी और कांग्रेस के बागी सुरेश आयाम अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। वासुदेव मांझी ने लगभग 600 वोटों से जीत की बात कही है, जबकि सुरेश आयाम 300 से अधिक मतों से बढ़त का दावा कर रहे हैं।
वासुदेव मांझी आरएसएस से जुड़े हुए हैं, जिसके चलते भाजपा ने उन्हें समर्थन दिया था। वे पहले पटवारी के रूप में सरकारी सेवा में थे, लेकिन राजनीति में आने के लिए उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी। वे विधानसभा और लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा भी जता चुके हैं और भाजपा से टिकट की कोशिश कर रहे हैं। अगर उनकी जीत की आधिकारिक पुष्टि होती है, तो उनका राजनीतिक भविष्य और मजबूत हो जाएगा।
दूसरी ओर, सुरेश आयाम कांग्रेस के वरिष्ठ नेता माने जाते हैं। वे पहले जनपद सदस्य रह चुके हैं और पिछली बार जिला पंचायत चुनाव में खड़े हुए थे। उन्होंने विधायक चुनाव भी लड़ा था। इस बार उन्हें कांग्रेस का समर्थन नहीं मिला, जिसके कारण उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा। यह चुनाव उनके राजनीतिक करियर के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
प्रतापपुर क्षेत्र में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। चंद्रमणि पैंकरा की बड़ी जीत ने उन्हें जिला पंचायत सूरजपुर के अध्यक्ष पद की दौड़ में सबसे आगे ला दिया है। लवकेश पैंकरा और वासुदेव मांझी की जीत भी भाजपा के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। अब सभी की नजरें आधिकारिक घोषणा और जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चयन पर टिकी हैं।