बिट्टू सिंह राजपूत ,सूरजपुर।रामानुजनगर जनपद मुख्यालय से करीब 10 किमी दूर स्थित कुमेली फाल को अब पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इस दिशा में बड़ी पहल करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुमेली फाल के अधोसंरचना विकास हेतु 81.90 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। यह कदम क्षेत्रीय विधायक भूलन सिंह मरावी के लगातार प्रयासों से संभव हो पाया है।

विधायक बनने के बाद से ही भूलन सिंह मरावी कुमेली फाल के सौंदर्यीकरण व पर्यटन विकास के लिए सक्रिय रहे हैं। उन्हीं के प्रयासों से पिछले कुछ वर्षों से यहां भव्य मेलों का आयोजन हो रहा है। इस वर्ष का मेला इतना विशाल था कि मुख्य मार्ग से कुमेली फाल तक सड़क पूरी तरह जाम हो गई थी। लगभग 50 हजार से अधिक लोग मेले में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार अब कुमेली फाल को राज्य के पर्यटन नक्शे में शामिल किया जाएगा। रामानुजनगर ब्लॉक मुख्यालय से मात्र आठ किलोमीटर दूर स्थित यह स्थल अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और शांत वातावरण के लिए जाना जाता है।

शिव मंदिर और एडवेंचर गतिविधियां भी होंगी शामिल
पर्यटन विकास योजना के तहत यहां एक प्राचीन शिव मंदिर का ब्लैक ग्रेनाइट पत्थरों से निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा विभिन्न प्रकार की एडवेंचर एक्टिविटीज और व्यावसायिक गतिविधियों की भी शुरुआत की जाएगी, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए ग्राम पंचायत,क्षेत्रवासी और पार्टी कार्यकर्ताओं ने विधायक भूलन सिंह मरावी के प्रति आभार व्यक्त किया है। वहीं, मुख्यमंत्री द्वारा क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता देने पर स्थानीय लोगों में उत्साह और खुशी का माहौल है।