अंबिकापुर। कोराना का खतरा एक बार फिर बढ़ रहा है। सरगुजा जिले में भी कोरोना का पहला केस सामने आया है। लखनपुर निवासी स्वास्थ्य कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से स्वास्थ्य अमले में हडक़ंप मचा हुआ है। उसे आइसोलेट किया गया है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना से निपटने के लिए तैयारी कर रखी है। आइसोलेशन वार्ड भी तैयार हंै। प्रति दिन 10 से 12 संदिग्ध मरीजों की जांच की जा रही है।
सरगुजा जिले के लखनपुर निवासी 31 वर्षीय एक स्वास्थ्य कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिला है। उसे एक सप्ताह से सर्दी-खांसी, बुखार व शरीर में दर्द की शिकायत थी। दवा खाने के बाद भी कोई फर्क नहीं पड़ रहा था। कोविड की आशंका पर उसने 12 जून को जांच कराई, जिसमें वह पॉजिटिव पाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रतिदिन 10 से 12 कोरोना के संदिग्ध मरीजों की जांच की जा रही है। यह सरगुजा में पहला पॉजिटिव केस है। कोविड मरीजों के लिए आईसोलेशन वार्ड तैयार है। आवश्यकता पर मरीजों की भर्ती की जा सकती है।
बिलासपुर गया था कर्मचारी
डॉ. शैलेंद्र गुप्ता ने बताया कि सरगुजा में पहला कोरोना पॉजिटिव का केस मिला है। वह स्वास्थ्य कर्मचारी है। कुछ दिन पूर्व वह बिलासपुर गया था। इसके बाद उसे सर्दी-खांसी व बुखार से पीडि़त था। उसे आइसोलेट किया गया है।
लक्षण पाए जाने पर कराएं जांच
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगर सर्दी-खांसी, बुखार से पीडि़त हैं और ठीक नहीं हो रहा है तो तत्काल कोविड की जांच कराएं। कोविड नियमों का पालन करें। मास्क पहने, सार्वजनिक जगहों पर जाने से परहेज करें। हाथ साबुन और पानी से बार-बार धोएं।