हाथोर समाचार,बलरामपुर।धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने शनिवार अलसुबह वाड्रफनगर क्षेत्र स्थित अंतरराज्यीय धनवार चेक पोस्ट का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों से जांच प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र की जानकारी लेते हुए अवैध धान परिवहन पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर कटारा ने स्पष्ट किया कि खरीदी अवधि में किसी भी प्रकार की अनियमितता या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वाहनों की सघन जांच, सीसीटीवी की नियमित मॉनिटरिंग, प्रवेश–निकास पंजी के अद्यतन रखरखाव और ड्यूटी सूची के अनुसार जिम्मेदारियों के निर्वहन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कर्मचारियों को सतर्क रहकर संदिग्ध वाहनों की अनिवार्य जांच करने तथा सभी दस्तावेजों का सही सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने कहा कि धान व अन्य कृषि उपज के संभावित अवैध परिवहन पर तुरंत कार्रवाई की जाए और जांच प्रक्रिया पारदर्शी व नियमों के अनुरूप हो। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने चुना पाथर चेक पोस्ट का भी अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।



