सूरजपुर। मां बागेश्वरी देवी लोक न्यास (ट्रस्ट) कुदरगढ़ का गठन पूर्ण हो गया है। वर्षों पूर्व गठित इस ट्रस्ट का संचालन प्रशासनिक देखरेख और ट्रस्टियों के सहयोग से होता आ रहा था। समय-समय पर लोक न्यास में चुनाव की मांग उठती रही, जिसे ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने इस बार चुनाव सम्पन्न कराया।
इस प्रक्रिया में ट्रस्ट के आजीवन सदस्यों ने सर्वसम्मति से रामसेवक पैकरा को प्रथम अध्यक्ष के रूप में चुना। अध्यक्ष बनने के बाद रामसेवक पैकरा ने कुदरगढ़ के विकास को गति देने के उद्देश्य से सभी आजीवन सदस्यों से विचार-विमर्श कर कार्यकारिणी की घोषणा की।
घोषित कार्यकारिणी में भुवन भास्कर प्रताप सिंह को उपाध्यक्ष एवं मेला अध्यक्ष, राकेश तिवारी और सुरेश गोयल को उपाध्यक्ष, बलराम सोनी को कोषाध्यक्ष, आशीष प्रताप सिंह को सचिव, अवदेश कुमार गुर्जर और प्रतीक कुमार गुर्जर को सह-सचिव, अजय तिवारी को कार्यालय प्रभारी और नरेश कुमार जायसवाल को सह प्रभारी बनाया गया है।
इसके साथ ही कार्यकारिणी में 25 अन्य सदस्यों को शामिल किया गया है। वहीं संरक्षक मंडल में अखिलेश प्रताप सिंह, बाबूलाल गोयल, मेजर अनिल सिंह, सुरेश कुमार सहित कई जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों को स्थान दिया गया है।
ट्रस्ट की नई कार्यकारिणी के गठन से आजीवन सदस्यों में खुशी की लहर है। सभी ने अध्यक्ष रामसेवक पैकरा के नेतृत्व में मां बागेश्वरी धाम के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई है।

