बिट्टू सिंह राजपूत ,सूरजपुर।सूरजपुर जिले के भटगांव के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सूरज गुप्ता की बहन की सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। शादी समारोह से लौट रही चांदनी गुप्ता (32) की कार सोनगरा के पास पेड़ से टकरा गई। हादसे में उनके पति निरंजन गुप्ता सहित तीन बच्चे घायल हो गए हैं।
घायलों का उपचार अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में जारी है। जानकारी के अनुसार, 20 अप्रैल को अंबिकापुर के कमोदा बिहार मैरिज हॉल में सूरज गुप्ता का विवाह समारोह आयोजित था। समारोह में शामिल होने के लिए उनकी बहन चांदनी गुप्ता अपने पति और दो बच्चों के साथ जशपुर के दुलदुला से अंबिकापुर आई थीं।
शादी के बाद विदाई समारोह उपरांत वे परिजनों के साथ सुबह भटगांव लौट रही थीं। सुबह करीब 9 बजे अंबिकापुर-वाराणसी मार्ग पर सोनगरा के पास कार क्रमांक JH 01 CP 8189 अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। तेज रफ्तार में हुई टक्कर से कार के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कार से बाहर निकाला गया और अंबिकापुर के गायत्री हॉस्पिटल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद चांदनी गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनका 7 माह का बेटा पूरी तरह सुरक्षित है, जबकि 6 वर्षीय बेटी का हाथ टूट गया। निरंजन गुप्ता गंभीर रूप से घायल हैं, उनकी जांघ की हड्डी टूट गई है और सीने में भी गहरी चोटें आई हैं। हादसे में आशीष गुप्ता के 10 वर्षीय बेटी और 6 वर्षीय बेटे को भी चोटें आई हैं।
दुर्घटना का मुख्य कारण वाहन चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। निरंजन गुप्ता पूरी रात जागे हुए थे और सुबह स्वयं वाहन चला रहे थे। सीट बेल्ट न लगाने और झपकी की वजह से एयरबैग भी नहीं खुल सका, जिससे चांदनी गुप्ता को गंभीर चोटें आईं। इस दर्दनाक हादसे ने गुप्ता परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है। पूरा परिवार सदमे में है और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।