हाथोर समाचार ,सूरजपुर। नवरात्रि पर्व पर इस वर्ष प्रतापपुर में आयोजित गरबा महोत्सव ऐतिहासिक बन गया। मां दुर्गा पूजा समिति बस स्टैंड द्वारा आयोजित गरबा–डांडिया कार्यक्रम में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। स्टेडियम ग्राउंड में हजारों की संख्या में नगरवासी एवं क्षेत्रवासी देर रात तक गरबा नृत्य की धुनों पर झूमते नजर आए।

रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं और युवाओं ने जब डांडिया की ताल पर मां अम्बे की स्तुति की तो पूरा मैदान भक्तिमय हो उठा। नृत्य व संगीत की तालमेल ने वातावरण को और भी मनमोहक बना दिया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग—सभी वर्गों ने इस आयोजन का भरपूर आनंद लिया।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि नवरात्रि पर्व को सांस्कृतिक उत्सव के रूप में मनाने का उद्देश्य लोगों को धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता से जोड़ना है। गरबा-डांडिया जैसे पारंपरिक नृत्य अपनी संस्कृति को जीवंत बनाए रखते हैं और नई पीढ़ी को परंपरा से जोड़ते हैं।
इधर, बस स्टैंड स्थित मां दुर्गा पंडाल में भी सुबह और शाम आरती के समय श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ रहा है। महिलाओं द्वारा सामूहिक भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा वातावरण गूंजायमान हो रहा है। प्रतिदिन आयोजित भंडारे में हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ कमा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस बार नवरात्रि का आयोजन प्रतापपुर के इतिहास में सबसे भव्य और आकर्षक साबित हुआ है। सामाजिक सहयोग और नगर की एकजुटता ने इस आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया।
आयोजन समिति में प्रमुख रूप से राजेश गुप्ता, अनिल अग्रवाल, अरविंद जयसवाल, अनमोल शर्मा, मुकेश तायल, कमलेश गुप्ता, संजय जयसवाल, नवीन सोनू जायसवाल, अंकित जायसवाल, अमित सोनी, सोनू कश्यप, बुली अग्रवाल, सीबू सिंह, समलेश गुप्ता, सूर्या जायसवाल, अजय, काजू कश्यप, मनीष तायल, शेखर शर्मा, सोनू रजक, शुभम कश्यप, रूपम मित्तल, अरमान शर्मा, अंकित रजक, गोलू जयसवाल सहित हजारों की संख्या में महिला-पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे।