कुदरगढ़ में मुख्यमंत्री ने रेडी टू ईट समूहों की सराहना, महिलाओं को किया सम्मानित

हाथोर समाचार, सूरजपुर। कुदरगढ़ प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रेडी टू ईट (Ready to Eat) आहार निर्माण में संलग्न महिला स्व-सहायता समूहों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महिलाओं का यह सामूहिक प्रयास न केवल जिले में पोषण स्तर सुधारने में सहायक है, बल्कि यह महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि महिला समूहों द्वारा तैयार किया जा रहा रेडी टू ईट आहार गुणवत्ता, स्वच्छता और पोषण के मानकों पर खरा उतर रहा है, जिससे आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से लाभान्वित होने वाले बच्चों और माताओं को बेहतर स्वास्थ्य मिल रहा है। उन्होंने इस पहल को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का सशक्त क्रियान्वयन बताया।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित पूरक पोषण आहार योजना के तहत जिले में रेडी टू ईट समूहों के माध्यम से खाद्य सामग्री का उत्पादन और वितरण सुव्यवस्थित ढंग से किया जा रहा है। जिले के सभी 2081 आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित रूप से पोषण आहार पहुंचाया जा रहा है, जिससे गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को सीधा लाभ मिल रहा है।

रेडी टू ईट खाद्य पदार्थों में प्रोटीन, विटामिन और आवश्यक खनिज तत्वों का संतुलित मिश्रण होता है, जो बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा कुपोषण को दूर करने में प्रभावी साबित हो रहे हैं।

जिला प्रशासन द्वारा इस पूरी व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है, जिससे गुणवत्ता और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। जिले में वर्तमान में 7 स्व-सहायता समूह खाद्य सामग्री का निर्माण कर रहे हैं, जबकि 79 समूह परिवहन कार्य में लगे हुए हैं। इस प्रकार कुल 86 स्व-सहायता समूह इस योजना से जुड़े हैं, जिनमें 866 महिलाएं कार्यरत हैं।

इस पहल से जहां एक ओर हितग्राहियों को बेहतर पोषण मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर महिलाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग

WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें