काम दिलाने का झांसा देकर युवती की खरीद-फरोख्त,सरगुजा पुलिस ने किया मुख्य आरोपी को गिरफ्तार

हाथोर समाचार,सरगुजा, 23 जनवरी 2026। जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में युवती को काम दिलाने का झांसा देकर उसकी अवैध खरीद-फरोख्त करने के गंभीर मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना लखनपुर पुलिस टीम द्वारा की गई इस सख्त वैधानिक कार्रवाई से मानव तस्करी जैसे संगीन अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने का संदेश गया है।

मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि 2 दिसंबर 2025 को प्रार्थिया ने थाना लखनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि ग्राम सिंगीटाना निवासी धनी कुजूर ने पीड़िता को रोजगार दिलाने का झांसा दिया और अपने अन्य साथियों अल्का टोप्पो, नितेश कुमार एवं अशोक परमार के साथ उसे उज्जैन ले जाकर अवैध तरीके से खरीद-फरोख्त की। शिकायत के आधार पर थाना लखनपुर में अपराध क्रमांक 306/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 143(2), 127(2) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस द्वारा तत्परता दिखाते हुए पूर्व में ही प्रकरण में शामिल तीन आरोपियों—नितेश कुमार, अल्का टोप्पो तथा अशोक परमार—को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका था। हालांकि मुख्य आरोपी धनी कुजूर घटना दिनांक के बाद से लगातार फरार चल रहा था, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही थी।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा के निर्देश पर थाना लखनपुर पुलिस टीम ने फरार आरोपी की पतासाजी तेज की। सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस ने आरोपी धनी लाल कुजूर पिता जाहिर लाल कुजूर, उम्र 43 वर्ष, निवासी ग्राम सिंगीटाना, थाना लखनपुर को पकड़कर हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। आरोपी के कब्जे से 2,000 रुपये नकद एवं घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जप्त की गई है।

इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी लखनपुर सहित पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के अपराधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग

WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें