बलरामपुर में बड़ा हादसा टला: नशे में चालक सोया, बच्चे ने संभाला ट्रैक्टर

बलरामपुर-रामानुजगंज।जिले में गुरुवार शाम एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान और चिंतित कर दिया। पुलिस अधीक्षक (एसपी) निवास की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर करीब 10 वर्षीय एक बालक ट्रैक्टर चलाता हुआ नजर आया। इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर का असली चालक अत्यधिक नशे में था। नशे का स्तर इतना अधिक था कि वह चलती गाड़ी में ही गहरी नींद में चला गया और वाहन पर उसका नियंत्रण पूरी तरह खत्म हो गया।

चालक के ठीक बगल में बैठा बच्चा पहले उसे कई बार झकझोरकर जगाने की कोशिश करता है, लेकिन चालक बेहोशी की हालत में ही बना रहा। इस बीच ट्रैक्टर लड़खड़ाने लगा तो बच्चे ने बिना देर किए स्टेयरिंग अपने हाथ में ले लिया। वीडियो में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि बच्चा बेहद सहजता से ट्रैक्टर को नियंत्रित करते हुए सड़क पर चलाता रहा।

बाद में रास्ते में मौजूद स्थानीय लोगों ने जब यह खतरनाक दृश्य देखा तो बच्चे को ट्रैक्टर रोकने को कहा। बच्चा बिना घबराए ट्रैक्टर को सुरक्षित रूप से सड़क किनारे रोक देता है। इसके बाद ग्रामीणों ने वाहन को पूरी तरह सुरक्षित स्थान पर खड़ा करवाया।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने सवाल उठाए हैं कि एसपी निवास तक जाने वाले इतने महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्ग पर एक बच्चा लंबे समय तक ट्रैक्टर चलाता रहा, लेकिन किसी भी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की नजर इस पर क्यों नहीं पड़ी? नागरिकों ने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए वाहन चालक पर सख्त कानूनी कदम उठाने की अपील की है।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग

WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें