मौसम विभाग: मानसून ने पकड़ी रफ़्तार, कई राज्य में तेज बारिश


नई दिल्ली। देश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। देश में जोरदार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गुजरात, हिमाचल, उत्तराखंड, यूपी, मध्यप्रदेश और कर्नाटक समेत कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है। गुजरात के अहमदाबाद और सूरत में बाढ़ के हालात हैं, वहीँ हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की घटनाओं ने तबाही मचाई है।

गुजरात के अहमदाबाद में बीते 12 घंटे से लगातार तेज बारिश हो रही है। सूरत और अहमदाबाद में कई इलाकों में 3 फीट तक पानी भर गया है। मणिनगर, वटवा, सिटीएम, हाटकेश्वर, निकोल ओधव और विराट नगर बुरी तरह प्रभावित हैं। सड़कें जलमग्न हैं, जिससे सामान्य जनजीवन ठप हो गया है।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, कांगड़ा और धर्मशाला में भारी बारिश के बीच 5 जगह बादल फटने की खबर है। जीवा नाला (सैंज), शिलागढ़, स्त्रो गैलरी (मनाली), होरनगढ़ (बंजार) जैसे क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात हैं। अब तक 2 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि सैकड़ों लोगों के बहने की आशंका है। कुल्लू में करीब 2 हजार पर्यटक फंसे हुए हैं।

उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर लैंडस्लाइड हुआ है, जबकि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भी भूस्खलन से यात्रा प्रभावित हुई है।

यूपी के 43 शहरों में औसतन 3 मिमी बारिश दर्ज की गई है। सहारनपुर में तेज बारिश से सहरसा नदी उफान पर है और पुल के ऊपर से पानी बह रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यह स्थिति अगले चार दिन तक बनी रह सकती है।


राजधानी दिल्ली में गुरुवार को आंधी और भारी बारिश की संभावना है।

राजस्थान के नागौर, राजसमंद और दौसा जिलों में दोपहर के बाद अचानक मौसम बदला और झमाझम बारिश शुरू हो गई। नागौर में सड़कों पर पानी भर गया। चित्तौड़गढ़ में बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग झुलस गए। प्रदेश के 30 जिलों में बारिश का अनुमान है और 11 जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

मप्र के जबलपुर, सागर, विदिशा, बैतूल, नरसिंहपुर, डिंडौरी, कटनी, मैहर, उमरिया समेत 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। भोपाल, इंदौर, देवास, सीहोर, मंदसौर जैसे जिलों में भी वर्षा की संभावना है।
राज्य में बिजली गिरने का खतरा, 33 जिलों में अलर्ट
रायपुर और दुर्ग में भारी बारिश हो सकती है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के 7 जिलों और अन्य 26 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह तक बारिश की गतिविधि जारी रहेगी।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग

WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें