दैनिक हाथोर समाचार ,सूरजपुर। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना को प्रबल करने के उद्देश्य से भटगांव विधानसभा अंतर्गत भैयाथन में मंडल स्तरीय तिरंगा रैली का भव्य आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े शामिल हुईं, वहीं पूर्व गृहमंत्री व छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने जनसमूह को राष्ट्रध्वज के गौरव और राष्ट्रीय एकता के संदेश से प्रेरित किया।

अपने उद्बोधन में मंत्री रजवाड़े ने कहा, “तिरंगा केवल हमारे राष्ट्र की पहचान नहीं, बल्कि यह हमारी एकता, अखंडता और स्वतंत्रता का अमर प्रतीक है। यह हमें उन बलिदानों की याद दिलाता है, जिनकी वजह से आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।” उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे केवल 15 अगस्त को ही नहीं, बल्कि हर अवसर पर तिरंगे का सम्मान करें और इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनाए रखें।
रैली में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा और महिलाएं शामिल हुए। हाथों में तिरंगे लिए प्रतिभागियों ने “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से वातावरण गूंजा दिया। देशभक्ति गीतों और नारों के बीच रैली नगर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देती रही।
इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील साहू, जनपद उपाध्यक्ष राजीव प्रताप सिंह, भाजपा नेता शीतल गुप्ता सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्तागण मौजूद रहे। मंच से वक्ताओं ने तिरंगे के महत्व, स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और देश की अखंडता में नागरिकों की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
समापन अवसर पर मंत्री रजवाड़े ने कहा,“आजादी के अमर वीरों के बलिदान को हमें कभी नहीं भूलना चाहिए। तिरंगा हमें यह याद दिलाता है कि देश की स्वतंत्रता, अखंडता और गौरव की रक्षा करना हर भारतीय का कर्तव्य है।” उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने और समाज में एकता, भाईचारे व सद्भावना को बढ़ावा देने की अपील की।