हाथोर समाचार,सूरजपुर।महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने एक बार फिर अपनी मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महाराष्ट्र में हुई एक मजदूर की आकस्मिक मृत्यु के बाद उसके पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक गृह ग्राम तक लाने की व्यवस्था सुनिश्चित की। उनके इस त्वरित और संवेदनशील निर्णय की पूरे सूरजपुर जिले में व्यापक सराहना हो रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सूरजपुर जिले के ओड़गी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत करवां निवासी श्री कैलाश चेरवा महाराष्ट्र के जिला चंद्रपुर के राजूरा उपजिला रुग्णालय क्षेत्र में मजदूरी कर अपने परिवार का जीवन-यापन कर रहे थे। बताया गया कि काम खत्म कर वापस लौटते समय उनकी अचानक मृत्यु हो गई। अप्रत्याशित घटना की सूचना मिलते ही परिवार शोकाकुल हो उठा और घर पर मातम का माहौल बन गया।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ग्राम पंचायत करवां की सरपंच द्वारा मंत्री श्रीमती राजवाड़े से तत्काल सहयोग का निवेदन किया गया। निवेदन मिलते ही मंत्री राजवाड़े ने बिना देर किए मृतक के परिजनों को महाराष्ट्र भेजने की त्वरित व्यवस्था कराई। इसके बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के सहयोग से मृतक कैलाश चेरवा का पार्थिव शरीर सम्मानपूर्वक उनके गृह ग्राम करवां तक लाया गया।
मंत्री राजवाड़े की इस पहल ने शोकग्रस्त परिवार को न केवल सहारा दिया, बल्कि पूरे क्षेत्र में यह संदेश भी दिया कि मानवता सर्वोपरि है और संकट की घड़ी में सरकार संवेदनशीलता के साथ नागरिकों के साथ खड़ी है।



