हरिद्वार/देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज उत्तराखंड दौरे पर हैं। वे हरिद्वार स्थित पतंजलि विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह को संबोधित करेंगी। इस मौके पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पतंजलि विश्वविद्यालय के कुलाधिपति स्वामी रामदेव और कुलपति आचार्य बालकृष्ण भी मौजूद रहेंगे।

समारोह का आयोजन विश्वविद्यालय के मुख्य सभागार में प्रातः 10:30 बजे से किया जाएगा। इस दीक्षांत समारोह में 54 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक, 62 शोधार्थियों को पीएचडी, 3 विद्वानों को डी.लिट. की उपाधि, जबकि 744 स्नातक और 615 परास्नातक विद्यार्थियों सहित कुल 1424 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी।
राष्ट्रपति मुर्मु का यह दौरा आज से 4 नवंबर तक चलेगा, जिसके तहत वे हरिद्वार, देहरादून और नैनीताल जिलों में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर तीनों जिलों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। प्रदेश पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ स्वयं सुरक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
राष्ट्रपति का यह दौरा उत्तराखंड के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह न केवल शिक्षा और संस्कृति से जुड़ा कार्यक्रम है, बल्कि राज्य की विकास यात्रा में एक नए अध्याय की तरह देखा जा रहा है।



