हाथोर समाचार डॉट कॉम, रायपुर। राजधानी के शहीद वीरनारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) के मुकाबलों को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। यहां 10 मई को Royal Challengers Bengaluru और Mumbai Indians के बीच हाईवोल्टेज मैच खेला जाएगा, जबकि 13 मई को बेंगलुरु की भिड़ंत Kolkata Knight Riders से होगी। इन रोमांचक मुकाबलों को देखते हुए स्टेडियम में व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं।

स्टेडियम में खास तौर पर नई पिच तैयार की जा रही है। इसके लिए पुरानी पिच की ऊपरी सतह को 5 से 10 इंच तक हटाया जा रहा है। नई पिच छत्तीसगढ़ की लाल मिट्टी से बनाई जा रही है, जो उछाल और गति के लिए जानी जाती है। इससे बल्लेबाजों और तेज गेंदबाजों दोनों को बेहतर प्रदर्शन का मौका मिलेगा। इस पिच पर Virat Kohli और Rohit Sharma जैसे स्टार खिलाड़ी अपना जलवा दिखाते नजर आएंगे। मैदान में पहले से मौजूद 6 पिचों पर अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हो चुके हैं, वहीं नई पिच से खेल का रोमांच और बढ़ने की उम्मीद है।
दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए भी कई बदलाव किए जा रहे हैं। प्रीमियम सीटिंग एरिया में पुराने कांच हटाकर नए पारदर्शी कांच लगाए जा रहे हैं, जिससे पवेलियन से मैच देखने का अनुभव और शानदार होगा। साथ ही स्टेडियम में सीटों की संख्या बढ़ाने का कार्य भी तेजी से जारी है।
इन मैचों के टिकटों की बिक्री 12 अप्रैल के बाद शुरू होने की संभावना है। टिकट आरसीबी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से उपलब्ध होंगे और एक मैच के लिए करीब 50 हजार से अधिक टिकट बिक्री के लिए रखे जाएंगे। कीमतें 1 हजार से 30 हजार रुपये के बीच रहने की संभावना जताई जा रही है, हालांकि अंतिम दरें जल्द घोषित की जाएंगी।
गौरतलब है कि रायपुर अब आरसीबी का दूसरा होम ग्राउंड बन चुका है। टीम यहां मैच से पहले अभ्यास भी करेगी, जिसके चलते मैदान को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।



