पटाखा जैसी आवाज पड़ी भारी: रामानुजगंज में मोडिफाइड बुलेट पर 5 हजार का चालान

नंदकुमार कुशवाहा @बलरामपुर। जिले के रामानुजगंज नगर क्षेत्र में बुलेट मोटरसाइकिल के साइलेंसर को अवैध रूप से मोडिफाई कर पटाखे जैसी तेज आवाज निकालने के मामलों पर पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। लंबे समय से आम नागरिकों, बुजुर्गों और हृदय रोगियों के लिए परेशानी और खतरा बने इस शोर पर रामानुजगंज थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बुलेट चालक पर भारी चालान किया है।

जानकारी के अनुसार, बीते कुछ दिनों से नगर क्षेत्र में नाबालिगों और युवकों द्वारा बुलेट मोटरसाइकिल के साइलेंसर में अवैध बदलाव कर तेज धमाकेदार आवाज निकालते हुए सड़कों पर वाहन दौड़ाए जा रहे थे। विशेषकर शाम के समय भारत माता चौक से पहाड़ी मंदिर रोड की ओर तेज रफ्तार से गुजरती बुलेटों से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन रहा था।

अचानक निकलने वाली तेज आवाज से राहगीर और स्थानीय लोग सहम जाते थे। नागरिकों का कहना है कि यह स्थिति हृदय रोगियों, बुजुर्गों और छोटे बच्चों के लिए गंभीर खतरा बन चुकी थी। वहीं कुछ युवक इस अवैध हरकत को ‘भौकाल’ दिखाने के उद्देश्य से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वीडियो भी अपलोड कर रहे थे, जिससे अन्य युवाओं को भी गलत संदेश जा रहा था।

लगातार मिल रही शिकायतों के बाद रामानुजगंज थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG 15 CG 7700 की जांच की। जांच में पाया गया कि बाइक का साइलेंसर अवैध रूप से मोडिफाई किया गया था।

इस मामले में बुलेट चालक ताहा अंसारी, पिता मुमताज अंसारी, उम्र 19 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 12, रामानुजगंज के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 182 (ए)(4) के तहत कार्रवाई करते हुए 5000 रुपये का समन शुल्क (चालान) काटा गया।

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। मोडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले दुकानदारों और नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को चिन्हित कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस सख्ती से संकेत मिला है कि अब सड़कों पर शोर मचाकर कानून तोड़ने वालों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग

WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें