संजय पार्क में 15 हिरणों की मौत, वन विभाग ने 5 कर्मचारियों पर की कार्रवाई, ये रही मौत की वजह

बिट्टू सिहं राजपूत,अंबिकापुर। सरगुजा वनमंडल अंतर्गत संचालित संजय वन वाटिका में आवारा कुत्तों के हमले से 15 हिरणों की मौत का मामला सामने आया है। घटना 21 मार्च 2026 की रात करीब 3 बजे से 3:30 बजे के बीच की बताई जा रही है, जब कुत्तों का झुंड शाकाहारी पशु बाड़े में घुस गया और हिरणों पर हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुत्ते बाड़े की फेंसिंग के नीचे से अंदर घुसे और हिरणों को दौड़ाकर बुरी तरह घायल कर दिया। सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान 14 हिरण मृत अवस्था में पाए गए, जिनमें 6 कोटस, 6 चीतल और 2 चौसिंघा शामिल हैं। सभी के शरीर पर गहरे घाव और काटने के निशान मिले, जिससे कुत्तों के हमले की पुष्टि हुई।

घटना के बाद वन्यजीव चिकित्सकों की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी मृत हिरणों का पोस्टमार्टम किया और आवश्यक सैंपल सुरक्षित किए। पोस्टमार्टम उपरांत शाम करीब 4:30 बजे सभी मृत पशुओं का नियमानुसार दाह संस्कार कर दिया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक चीतल ने 22 मार्च की सुबह दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई।

मामले की जांच में सामने आया कि रात्रि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने अपने कर्तव्यों का सही ढंग से निर्वहन नहीं किया। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए मुख्य वन संरक्षक द्वारा उप वनक्षेत्रपाल अशोक सिन्हा, वनपाल ममता पोर्ते, प्रतीमा लकड़ा और बिंदू सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा वनरक्षक फुलमनी पर भी कार्रवाई की गई है।

वन विभाग ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए संजय वन वाटिका की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। बाड़ों की मरम्मत, निगरानी प्रणाली को सुदृढ़ करने और आवारा कुत्तों की रोकथाम के लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग

WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें