बिट्टू सिहं राजपूत ,सूरजपुर। नगरीय निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशियों के नाम को लेकर गहमागहमी बढ़ गई है। नगर पंचायत जरही में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों में उम्मीदवारों के नाम को लेकर उत्सुकता है। कांग्रेस में इस बार पूर्व उपाध्यक्ष प्रेम राजवाड़े को अध्यक्ष पद का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। हालांकि, इसकी औपचारिक घोषणा अभी संगठन की ओर से नहीं की गई है।
प्रेम राजवाड़े पर कांग्रेस का भरोसा
जानकारों के मुताबिक, कांग्रेस ने जातीय समीकरण और जिला अध्यक्ष भगवती राजवाड़े के समर्थन के चलते प्रेम राजवाड़े के नाम पर मुहर लगाने का मन बना लिया है। इससे पहले, स्वर्गीय बीजू दासन के खेमे से उनकी पत्नी निशा दासन और अभय विश्वकर्मा भी दावेदारी कर रहे थे। तीन बार पार्षद रह चुके रवि महंत भी इस दौड़ में शामिल थे, लेकिन संगठन में विवाद के चलते उन्हें अध्यक्ष पद की रेस से बाहर माना जा रहा है।
निशा दासन लड़ेंगी निर्दलीय चुनाव
सूत्रों के अनुसार, टिकट नहीं मिलने से नाराज स्व. बीजू दासन की पत्नी निशा दासन निर्दलीय चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं। अध्यक्ष पद के साथ ही करीब आधा दर्जन वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार खड़े करने की रणनीति बनाई जा रही है। अभय विश्वकर्मा नामांकन फार्म भी खरीद लिए है ।
तुलसी गुप्ता भी निर्दलीय मैदान में
कांग्रेस नेता कुमार सिंह देव के करीबी तुलसी गुप्ता ने भी निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए कमर कस ली है। खबर है कि उन्होंने नामांकन पत्र भी खरीद लिया है।
कांग्रेस में गुटबाजी
इन समीकरणों से साफ हो गया है कि कांग्रेस में आंतरिक गुटबाजी सामने आ रही है। निर्दलीय उम्मीदवारों की बढ़ती संख्या और पार्टी के भीतर विवाद चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकते हैं। अब देखना यह होगा कि कांग्रेस इन अंतर्विरोधों को कैसे सुलझाती है और भाजपा इसका कितना फायदा उठा पाती है।
चुनाव का परिणाम किस ओर जाएगा, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा, लेकिन वर्तमान में जरही नगर पंचायत का सियासी माहौल काफी गरम है।