सूरजपुर में 185 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, हितग्राहियों को योजनाओं का मिला लाभ

बिट्टू सिहं राजपूत,सूरजपुर चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर जिले के प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने सूरजपुरवासियों को लगभग 185 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। उन्होंने 52 कार्यों का लोकार्पण एवं 24 कार्यों का भूमिपूजन कर जिले के विकास को नई दिशा दी।

मुख्यमंत्री ने कुदरगढ़ में 309.60 लाख रुपये की लागत से बने आधुनिक विश्रामगृह तथा बिहारपुर में 152.85 लाख रुपये की लागत से निर्मित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल भवन का लोकार्पण किया। इसके अलावा विभिन्न ग्रामों में शाला भवन, अटल सुविधा केंद्र, आंगनबाड़ी भवन, सीसी रोड, घाट एवं अन्य निर्माण कार्यों का लोकार्पण कर ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया गया।

पेयजल के क्षेत्र में भी बड़ी सौगात देते हुए जिले के 10 ग्रामों में नल-जल योजना के तहत शुद्ध पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई। वहीं सड़क निर्माण के अंतर्गत कई प्रमुख मार्गों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण का भूमिपूजन किया गया, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी में सुधार होगा। जल संसाधन विभाग के तहत विभिन्न जलाशयों के निर्माण से सिंचाई क्षमता बढ़ेगी और जल संरक्षण को मजबूती मिलेगी।

शिक्षा के क्षेत्र में सिलफिली में उद्यानिकी महाविद्यालय एवं छात्रावास भवन के निर्माण की आधारशिला रखी गई, जबकि अन्य शैक्षणिक संस्थानों में अतिरिक्त कक्षों एवं सुविधाओं के विस्तार का कार्य भी प्रारंभ हुआ।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के माध्यम से हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया। मछली पालन विभाग द्वारा मछुआ समितियों को जाल एवं आवश्यक सामग्री, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता, तथा सक्षम योजना के तहत हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिए ऋण प्रदान किया गया।

इसके साथ ही उद्यान विभाग द्वारा ऑयल पाम योजना के तहत अनुदान, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड, वय वंदना कार्ड एवं सिकल सेल एनीमिया कार्ड वितरित किए गए। कृषि विभाग द्वारा किसानों को स्प्रेयर पंप उपलब्ध कराए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास के साथ-साथ हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जिससे प्रदेश के ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग

WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें