45 साल की भाजपा को मिला 45 साल का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, अमित शाह का रिकॉर्ड भी टूटा; जानिए नितिन नबीन का राजनीतिक सफर

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त कर राजनीतिक गलियारों में सबको चौंका दिया है। यह फैसला न सिर्फ संगठनात्मक दृष्टि से अहम माना जा रहा है, बल्कि पार्टी के इतिहास में भी एक नया अध्याय जोड़ता है। साल 1980 में जन्मे नितिन नबीन बीजेपी के अब तक के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। संयोग की बात यह है कि बीजेपी की स्थापना भी वर्ष 1980 में ही हुई थी। इस तरह 45 साल की बीजेपी ने 45 साल के नितिन नबीन को शीर्ष पद सौंपकर ऐतिहासिक निर्णय लिया है।

बीजेपी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी, जबकि नितिन नबीन का जन्म 23 मई 1980 को हुआ। यानी पार्टी के गठन के महज एक महीने बाद उनका जन्म हुआ था। अब पार्टी के 45वें वर्ष में उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जाना कई मायनों में प्रतीकात्मक भी माना जा रहा है।

अमित शाह का रिकॉर्ड टूटा

अब तक बीजेपी के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष का रिकॉर्ड केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नाम था। अमित शाह जुलाई 2014 में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। उनका जन्म अक्टूबर 1964 में हुआ था और वे 49 वर्ष 9 महीने की उम्र में इस पद पर पहुंचे थे। वहीं नितिन नबीन ने मात्र 45 वर्ष की उम्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष बनकर अमित शाह का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

संगठन को मिलेगी नई मजबूती

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बीजेपी के संसदीय बोर्ड ने नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है और यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। उन्होंने बताया कि नितिन नबीन ने जेपी नड्डा की जगह ली है। पार्टी नेतृत्व को भरोसा है कि उनकी नियुक्ति से राष्ट्रीय स्तर पर संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। कम उम्र होने के बावजूद नितिन नबीन का संगठनात्मक अनुभव काफी व्यापक माना जाता है।

कौन हैं नितिन नबीन

नितिन नबीन वर्तमान में बिहार सरकार में पथ निर्माण तथा नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री हैं। वे बिहार में पांच बार विधायक रह चुके हैं और लंबे समय से जनसेवा व संगठनात्मक कार्यों से जुड़े हैं। वे दो बार बीजेपी के राष्ट्रीय युवा मोर्चा के महामंत्री भी रह चुके हैं। नितिन नबीन दिग्गज बीजेपी नेता नवीन किशोर सिन्हा के पुत्र हैं और कायस्थ समुदाय से आते हैं। वे पटना जिले की बांकीपुर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। हालिया विधानसभा चुनाव में उन्होंने आरजेडी प्रत्याशी रेखा गुप्ता को 51 हजार से अधिक मतों से पराजित कर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ साबित की थी।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग

WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें