हाथोर समाचार,बलरामपुर। जिले के सरकारी प्राथमिक शाला जवाखाड़ी ग्राम पंचायत पलगी में 7 वर्षीय छात्र के साथ की गई निर्दयतापूर्ण मारपीट के मामले में शिक्षक उदय कुमार यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के विरुद्ध थाना त्रिकुण्डा में अपराध क्रमांक 72/2025 के तहत धारा 296, 115(2) बीएनएस एवं किशोर न्याय अधिनियम 2015 की धारा 75, 82 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

ग्राम पलगी निवासी प्रार्थी धनंजय यादव ने पुलिस को लिखित शिकायत में बताया कि उसका बेटा भागीरथी यादव, कक्षा दूसरी का छात्र, 28 नवंबर को जब स्कूल से घर लौटा तो उसके दोनों गाल सूजे हुए थे, आंख में खून उतर आया था और बच्चा बुखार से कांप रहा था। पूछने पर बच्चे ने बताया कि टिफिन के बाद शिक्षक उदय यादव शराब के नशे में क्लास में पहुँचे और गिनती न बता पाने पर उसे गंदी गालियाँ दीं और बेरहमी से पीटा।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी शिक्षक की तलाश कर उसे हिरासत में लिया गया। मामले में अपराध सिद्ध पाए जाने पर आरोपी उदय कुमार यादव (56 वर्ष), निवासी पलगी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और छात्र पर अत्याचार की हर परिस्थिति की जांच की जा रही है। प्रशासन ने भी घटना को गंभीर मानते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।



