सूरजपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर पंचायत जरही के बांधपारा में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान फलदार और छायादार लगभग 50 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में नगर पंचायत जरही की अध्यक्ष, पार्षदगण और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने इस मौके पर कहा कि पर्यावरण को संरक्षित रखने के लिए पॉलीथिन का प्रयोग बंद करना जरूरी है। पॉलीथिन न केवल पर्यावरण को बल्कि भूमि को भी प्रदूषित करता है। हमारी धरती की सुंदरता और जीवन की शुद्धता पेड़-पौधों पर निर्भर करती है।
उन्होंने कहा कि पेड़ मनुष्य के जीवन के लिए उतने ही आवश्यक हैं, जितना कि जल मछली के लिए। पेड़ों से हमें छाया, फल, औषधियां और ईंधन मिलता है। साथ ही, ये प्राकृतिक आपदाओं से भी सुरक्षा प्रदान करते हैं। मनुष्य द्वारा छोड़ी जाने वाली कार्बन डाइऑक्साइड को पेड़-पौधे अवशोषित करते हैं और बदले में ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, जो जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है,क्यों की पेड़ों से प्राकृतिक का संतुलन भी बना रहता हैं. उन्होंने पेड़ों के संरक्षण के लिए जनजागरूकता और जनसहयोग की आवश्यकता पर भी बल दिया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल महामंत्री लाल साय सिंह पावले,नगर पंचायत उपाध्यक्ष उर्मिला राजवाड़े , वार्ड पार्षद रामकुमार राजवाड़े, राहुल जायसवाल ,हरिनंदन राजवाडे, नगर पंचायत सीएमओ सहित कई जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे। सभी ने एकजुट होकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।