दैनिक हाथोर समाचार,सूरजपुर। बीते शनिवार रविवार के दरम्यानी रात एसईसीएल की आमगांव ओपनकास्ट कोयला खदान में रोड़सेल का कोयला लोडिंग करने आये ट्रक मालिक सह चालक ने खदान परिसर में ही ट्रक के डाला में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में सरगुजा संभागीय ट्रक मालिक संघ ने खान प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

बता दें कि एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र की आमगांव ओपनकास्ट परियोजना से रोजाना एक सौ से अधिक ट्रकों में रोड़सेल के कोयले का उठाव होता है। वर्तमान में इस खदान से 24 घण्टे कोयले का उठाव हो रहा है। संबंधित सूत्रों की मानें तो जल्दी कोयला लोडिंग के लिए कथित लिफ्टरों द्वारा कथित खान अधिकारी की सेटिंग से कमीशनखोरी की जाती है। यही वजह है कि कई ट्रक कई कई दिनों तक लोडिंग का नँबर नही लगने की वजह से खान परिसर के बाहर ही खड़े रह जाते हैं। यही वजह है आये दिन विवाद होने के साथ ही ट्रक मालिक व चालक मानसिक प्रताड़ना के शिकार होते है।
खदान परिसर में ट्रक क्रमांक सीजी 15 डीएफ 8459 के मालिक मोहन जाट पिता शोभरन सिंह 38 वर्ष निवासी आगरा यूपी हालमुक़ाम रायगढ़ द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिए जाने में भी प्रताड़ना के आरोप लग रहे हैं। बताया जा रहा है कि मोहन जाट ट्रक मालिक होने के साथ ही स्वयं वाहन भी चलाता था। करीब 12 दिन से वह खदान के बाहर ट्रक खड़ी कर लोडिंग के लिए जद्दोजहद कर रहा था। इससे पहली वाली ट्रिप में भी उसकी वाहन 12 दिन में लोड हो सकी थी। लोडिंग में कमीशनखोरी की वजह से उसकी वाहन कई कई दिनों तक खदान के बाहर खड़ी रह जाने की वजह से उसके ट्रक की किश्त टूटने से वह काफी परेशान था। शनिवार को उसने अपने छोटे भाई मनोज को वीडियो भेजकर कहा था कि वह अब परेशान हो गया है। उसके बच्चों का ख्याल रखना। उसके बाद शनिवार देर रात उसकी ट्रक को लोडिंग के लिए खदान परिसर में घुसाया गया था, लेकिन पांच नँबर कांटा में कांटा बाबू के नही रहने की वजह से काम बन्द था। इधर रविवार की अलसुबह अन्य ड्राइवरों ने देखा कि मोहन जाट का शव ट्रक के डाला में फांसी लगे हालत में लटक रहा है। जिससे खदान परिसर में सनसनी फैल गयी।
सूचना पर मर्ग कायम कर रामानुजनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है। किसी वाहन में चालक द्वारा खदान परिसर में फांसी लगाए जाने का संभवतः प्रदेश का यह पहला मामला है। इस घटना को लेकर ट्रक चालकों में रोष देखा जा रहा है।
आईजी से शिकायत, निष्पक्ष जांच की मांग
सरगुजा संभागीय ट्रक मालिक संघ के अध्यक्ष रविंद्र तिवारी ने आरोप लगाया कि संभाग की सभी कोयला खदानों में लिफ्टर और एसईसीएल कर्मियों द्वारा ट्रक चालकों से लोडिंग के नाम पर अवैध रूप से डेढ़ हजार से दो हजार रुपए की मांग की जाती है। कमीशन नही देने वाले की गाड़ी में लोडिंग नहीं की जाती है। जिससे कई चालक परेशान होकर उन्हें रुपए दे देते हैं, जबकि मनोज जाट जैसे अपने काम के प्रति ईमानदार लोग गिड़गिड़ाते रहते हैं और अंततः खदान के भीतर काली कमाई के प्रताड़ना से तंग आकर चालक जान देने भी मजबूर हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि उक्ताशय की आईजी दीपक झा से शिकायत कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। उन्होंने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।
जांच की जा रही हैं
घटना की जानकारी मिली है। पुलिस द्वारा हर पहलुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आयेंगे। उसके अनुरूप कार्रवाई की जाएगी। :- प्रशांत ठाकुर एसएसपी सूरजपुर



