हाथोर समाचार ,अंबिकापुर। शहर में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पिछले डेढ़ महीने में 3-4 वारदात सामने आ चुकी हैं, जिससे शहर में दहशत का माहौल है। इसी क्रम में सोमवार देर रात खरसिया चौक स्थित एक बिरयानी दुकान के बाहर एक और चाकूबाजी की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, दर्रीपारा निवासी 27 वर्षीय आदर्श साहू रात करीब साढ़े 9 बजे जमजम बिरयानी सेंटर से बिरयानी लेने पहुंचा था। तभी वहां करीब दर्जनभर बदमाश पहुंचे और अचानक आदर्श को घेर लिया। सभी ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान एक आरोपी ने उसके सिर पर चाकू से 6-7 बार ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया, जबकि अन्य उसे पीटते रहे। वारदात इतनी तेजी से हुई कि आदर्श लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया, इसके बाद भी हमलावर कुछ देर तक उसकी पिटाई करते रहे।
गंभीर हालत में भर्ती
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वहीं आसपास मौजूद कुछ युवकों ने घायल आदर्श को बाइक से ही मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, सिर में गहरे घाव होने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मंगलवार दोपहर उसके परिजन ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
CCTV कैमरे में कैद हुई पूरी वारदात
यह पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में साफ तौर पर कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस ने वीडियो जब्त कर लिया है और आरोपियों की खोजबीन जारी है।
लगातार हो रही चाकूबाजी की घटनाओं को देखते हुए शहरवासियों में भय का वातावरण है। लोगों ने पुलिस से शहर में कड़े गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।



