वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के तहत 14 दिसंबर को दिल्ली में कांग्रेस की महा रैली, झीरम घाटी मामले पर तल्ख हुए सिंहदेव

हाथोर समाचार,सरगुजा। कांग्रेस के वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बताया कि देशभर में चलाए गए इस अभियान के तहत व्यापक स्तर पर हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया था। अब इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन करने जा रही है। इस रैली में उन सभी लोगों को आमंत्रित किया जाएगा जिन्होंने हस्ताक्षर कर अभियान का समर्थन किया है।

सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस वोट चोरी के मुद्दे को अत्यंत गंभीरता से ले रही है और इसी के चलते हस्ताक्षर अभियान देश के हर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चलाया गया। जिन स्थानों पर अभी हस्ताक्षर कम हुए हैं, वहां कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर हस्ताक्षर जुटा रहे हैं। उन्होंने बताया कि एकत्रित सभी हस्ताक्षरों को 14 दिसंबर की रैली में प्रदर्शित किया जाएगा, जो इस अभियान की अगली कड़ी होगी।

कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट के बस्तर दौरे पर भाजपा के आरोपों पर जवाब देते हुए सिंहदेव ने कहा कि पायलट का यह कार्यक्रम पहले से तय था। उन्होंने हाल ही में छत्तीसगढ़ के मध्य क्षेत्रों का दौरा पूरा किया है और अब उत्तरी एवं दक्षिणी क्षेत्रों, यानी सरगुजा और बस्तर के भ्रमण पर हैं। इसे नक्सलवाद से जोड़ना तर्कहीन है। पायलट विभिन्न योजनाओं, विशेषकर एसआईआर की समीक्षा भी कर रहे हैं, जिसका नक्सलवाद से कोई संबंध नहीं है।

झीरम घाटी हमले का जिक्र करते हुए सिंहदेव भाजपा पर आक्रामक हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा शासनकाल में हुए इस जघन्य हमले में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की हत्या हुई, लेकिन अब तक न्याय नहीं मिला। जांच में कई महत्वपूर्ण बिंदु शामिल ही नहीं किए गए, जिससे भाजपा की नीयत पर सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नक्सलवाद पर कांग्रेस को घेरने की कोशिश कर रही है, जबकि झीरम की पीड़ा आज भी कांग्रेस को सालती है और न्याय की प्रतीक्षा जारी है।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग