चित्रदुर्ग (कर्नाटक)। कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग NH-48 पर हिरियूर तालुक के समीप एक तेज रफ्तार लॉरी और स्लीपर बस की टक्कर के बाद बस में आग लग गई। इस भीषण हादसे में बस में सवार 10 से अधिक यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या 12 से 17 के बीच बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह स्लीपर बस बेंगलुरु से गोकर्ण की ओर जा रही थी, जिसमें 30 से अधिक यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब 2:30 बजे एक तेज रफ्तार लॉरी डिवाइडर तोड़ते हुए विपरीत दिशा से आ रही प्राइवेट कंपनी की सीबर्ड ट्रांसपोर्ट की बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में तुरंत आग भड़क उठी।
हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, जिससे उन्हें संभलने या बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। आग की लपटों ने कुछ ही पलों में पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस के अनुसार, कई शव सड़क पर बिखरे मिले। बस और लॉरी में लगी आग पर काबू पाने में दमकल विभाग को करीब 5 घंटे का समय लगा।
ईस्ट जोन के पुलिस महानिरीक्षक रविकांत गौड़ा ने बताया कि बस का चालक और क्लीनर कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। कुछ यात्रियों ने भी बस से कूदकर जान बचाई। घायलों को तुमकुरु जिले के शिरा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस हादसे पर नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।



