हाथोर समाचार,प्रतापपुर। प्रतापपुर क्षेत्र के वनभूमि पट्टा किसानों के धान पंजीयन में हो रही गड़बड़ी और गिरदावरी में भारी अनियमितताओं को लेकर आज किसान एक दिवसीय विशाल धरना प्रदर्शन करेंगे। किसानों का आरोप है कि राजस्व रिकॉर्ड में उनकी फसल का रकबा शून्य दिखाया जा रहा है, जिससे पंजीयन सफल नहीं हो पा रहा। समय पर सुधार कार्य न होने से उन्हें समर्थन मूल्य पर धान बेचने में गंभीर समस्या आ सकती है।

किसानों ने धान मंडी में हमाली के नाम पर अवैध वसूली और धान की कालाबाजारी की भी शिकायत की है। इन मुद्दों के विरोध में 5 को दिसंबर के सुबह 11 बजे से तहसील प्रांगण प्रतापपुर में हजारों किसान जुटेंगे। यह आंदोलन प्रतापपुर क्षेत्र की 101 ग्राम पंचायतों के किसानों की भागीदारी के कारण व्यापक रूप ले रहा है।
आदिवासी प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री शिव भजन मरावी के नेतृत्व में हो रहा यह प्रदर्शन किसानों के हक और सम्मान की लड़ाई बताया जा रहा है। उनका कहना है कि जब तक पंजीयन और गिरदावरी में हुई गड़बड़ियों का समाधान नहीं होता, किसान संघर्ष जारी रखेंगे।



