हाथोर समाचार ,अम्बिकापुर। अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक की अध्यक्षता में मेसर्स मां कुदरगढ़ी स्टील्स प्रा. लि. की प्रस्तावित बॉक्साइट खनन परियोजना के संबंध में निर्धारित लोक जनसुनवाई 2 दिसंबर 2025 को दोपहर 11 बजे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कमलेश्वरपुर के समीप स्थित हैलीपैड मैदान में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

परियोजना प्रस्ताव के अनुसार ग्राम सपनादर, तहसील मैनपाट के विभिन्न खसरा नंबरों में कुल 171.136 हेक्टेयर क्षेत्र में 1,27,800 टन प्रतिवर्ष क्षमता वाली बॉक्साइट खदान का संचालन प्रस्तावित है। परियोजना के ईआईए अध्ययन हेतु आवेदन 14 मार्च 2024 को प्रस्तुत किया गया था, जिसके आधार पर राज्य स्तरीय विशेषज्ञ मूल्यांकन समिति द्वारा 29 अप्रैल 2025 को टीओआर जारी किया गया।
लोक जनसुनवाई प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी
क्षेत्रीय कार्यालय, छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल, अंबिकापुर के अनुसार, जनसुनवाई से पूर्व परियोजना के विरुद्ध किसी भी व्यक्ति द्वारा कोई लिखित अथवा मौखिक आपत्ति प्राप्त नहीं हुई थी।
जनसुनवाई के दौरान परियोजना की रूपरेखा, संभावित पर्यावरणीय प्रभाव, प्रदूषण नियंत्रण उपाय और पुनर्वास प्रावधानों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया गया। उपस्थित ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों ने अपने सुझाव और टिप्पणियां दर्ज कराईं, जिन्हें कार्यवाही विवरण में शामिल किया गया है।
लोक जनसुनवाई पूर्णतः शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नियमों के अनुरूप संपन्न हुई। प्राप्त सुझावों एवं टिप्पणियों के आधार पर परियोजना की आगे की पर्यावरणीय स्वीकृति प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।



