सरगुजा जिले के 53वें कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने किया पदभार ग्रहण ,जिला कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण

हाथोर समाचार,अंबिकापुर। सरगुजा जिले के नवपदस्थ कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने आज जिला कार्यालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। उन्होंने सरगुजा जिले के 53वें कलेक्टर के रूप में कार्यभार संभाला। पदभार ग्रहण के अवसर पर कलेक्टरेट परिसर में प्रशासनिक गतिविधियों को लेकर विशेष सक्रियता देखी गई।

नवपदस्थ कलेक्टर श्री अजीत वसंत 2013 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी हैं। वे पूर्व में अपनी परिवीक्षा अवधि के दौरान भी सरगुजा जिले में विभिन्न प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं, जिससे वे जिले की भौगोलिक, सामाजिक एवं प्रशासनिक परिस्थितियों से भली-भांति परिचित हैं। पदभार ग्रहण करने से पूर्व वे कोरबा जिले में कलेक्टर के पद पर कार्यरत थे।

विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण

पदभार ग्रहण करने के पश्चात कलेक्टर श्री वसंत ने जिला कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जिला नाजिर कक्ष, कलेक्टर न्यायालय, नजूल कक्ष, रिकॉर्ड शाखा, प्रपत्र शाखा, एनआईसी कक्ष, राजस्व लेखा शाखा, आवक-जावक कक्ष, वित्त शाखा एवं भू-अभिलेख शाखा का निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त निर्वाचन कार्यालय, ईवीएम स्ट्रांग रूम सहित अन्य विभागीय कक्षों का भी अवलोकन कर कार्यप्रणाली की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

विभागीय अधिकारियों की ली परिचयात्मक बैठक
पदभार ग्रहण करते ही कलेक्टर श्री वसंत ने कलेक्टरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक आयोजित की। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी कार्यालयीन अनुशासन का पालन करें तथा जिला मुख्यालय छोड़ने से पूर्व सक्षम अधिकारी को सूचित करें।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सरगुजा एक जनजातीय बहुल जिला है, इसलिए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जनता की समस्याओं के त्वरित एवं संवेदनशील समाधान पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक, श्री राम सिंह ठाकुर, श्री अमृत लाल ध्रुव, नगर निगम आयुक्त श्री डी.एन. कश्यप, समस्त एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग

WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें