हाथोर समाचार,बलरामपुर/रामचंद्रपुर। 19 दिसंबर 2025 को बलरामपुर जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम टाटीआथर में विकासखंड स्तरीय आयुष स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। यह स्वास्थ्य शिविर जिला आयुष चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. दिलीप यादव के मार्गदर्शन में एवं शिविर प्रभारी डॉ. आलोक कुमार साहू (एएमओ आयुष) तथा डॉ. डेल सालवाही के सहयोग से आयोजित किया गया।

आयोजित आयुष स्वास्थ्य मेले में कुल 360 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। शिविर में घुटने के दर्द, चर्म रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, लकवा, नेत्र रोग सहित विभिन्न असाध्य एवं सामान्य रोगों से पीड़ित मरीजों की जांच की गई तथा उन्हें आवश्यक आयुष दवाओं का वितरण किया गया। ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर ग्राम के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लोगों को आयुष पद्धति के माध्यम से रोगों की रोकथाम एवं उपचार के प्रति जागरूक भी किया गया।
शिविर में सेवाएं देने वाले चिकित्सकों में डॉ. आलोक यादव, डॉ. अशोक साहू, डॉ. प्रज्ञा यादव, डॉ. जी. आर. महंत एवं फार्मासिस्ट पिंकी उपस्थित रहीं, जिन्होंने मरीजों को परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के आयुष स्वास्थ्य मेलों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को परंपरागत एवं वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों द्वारा सुलभ, सुरक्षित और प्रभावी उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे न केवल ग्रामीणों को राहत मिल रही है, बल्कि जनस्वास्थ्य को भी मजबूती मिल रही है।



