हाथोर समाचार,सूरजपुर। जिले के भटगांव थाना क्षेत्र लक्ष्मीपुर में हिट एंड रन की एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसमें तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। यह घटना लगभग रविवार दोपहर 12 बजे लक्ष्मीपुर स्थित सकरी पुलिया के पास घटित हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक भटगांव की ओर से विश्रामपुर की दिशा में बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रेलर ने लापरवाहीपूर्वक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार विक्की राजवाड़े, पिता खुलेश्वर राजवाड़े, निवासी कमलापुर अरसोता, उछलकर ट्रेलर के नीचे आ गया। ट्रेलर का चक्का सिर पर चढ़ जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं दूसरा युवक शिवमंगल राजवाड़े, पिता कन्हैया राजवाड़े, निवासी ग्राम खर्रा, तहसील ओडगी, गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर भेजा जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक ,वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है तथा ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल व्याप्त है।



