बलरामपुर/बसंतपुर। छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बसंतपुर पुलिस ने करीब 2 हजार किलो गांजा से भरे एक ट्रक को पकड़ने में सफलता हासिल की है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 5 करोड़ रुपए बताई जा रही है। यह कार्रवाई शुक्रवार सुबह मुखबिर की सूचना पर की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा एक चूना लोड ट्रक भारी मात्रा में गांजा लेकर गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही बसंतपुर पुलिस ने जांच प्वाइंट स्थापित कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी।
इसी दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में चूना की आड़ में छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने जब ट्रक को पूरी तरह खाली कराया तो करीब 2 हजार किलो गांजा मिलने से अधिकारी भी हैरान रह गए।
सूत्रों के अनुसार ट्रक चालक स्वयं वाहन का मालिक बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि इससे पहले भी इसी नेटवर्क के माध्यम से एक ट्रक गांजा उत्तर प्रदेश भेजा जा चुका है। ऐसे में पुलिस को अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के सक्रिय होने की आशंका है।
फिलहाल पुलिस ट्रक चालक से पूछताछ कर रही है तथा गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है। मामले में कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। खबर लिखे जाने तक पुलिस की कार्रवाई और जांच जारी थी।



