हाथोर समाचार, अंबिकापुर। शहर के मिशन चौक स्थित टुनटुन दाबेली दुकान के संचालक अमन ओझा की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। 34 वर्षीय अमन ओझा का शव झारखंड के रंका थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-343 से लगे खुथवा मोड़ के पास नग्न अवस्था में बरामद हुआ। शव पर सिर में गंभीर चोट के निशान मिले हैं। वहीं उसकी बाइक रामानुजगंज क्षेत्र से लावारिस हालत में बरामद की गई है। घटना के बाद अंबिकापुर सहित आसपास के क्षेत्रों में सनसनी फैल गई है।

पत्नी को लेकर पहले से विवादों में था मामला
जानकारी के अनुसार अमन ओझा पिछले एक से डेढ़ माह से अपनी पत्नी को लेकर चर्चा में था। उसने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर एक धर्म विशेष के युवक पर अपनी पत्नी को भगाकर ले जाने और साथ रखने का आरोप लगाया था। अमन ने वीडियो में यह भी कहा था कि उसकी पत्नी और कथित प्रेमी द्वारा उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उसने हत्या की आशंका जताते हुए हिंदू संगठनों से हस्तक्षेप की मांग भी की थी।
कोतवाली पुलिस तक पहुंचा था मामला
अमन ओझा द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद यह मामला कोतवाली पुलिस तक पहुंचा था। हालांकि बाद में उसकी पत्नी के लौट आने के बाद मामला शांत हो गया था। इसके बाद कुछ दिनों तक कोई विवाद सामने नहीं आया।
रंका में मिला शव, हत्या की आशंका
रविवार को झारखंड के रंका थाना क्षेत्र में अमन ओझा का शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। शव एनएच-343 किनारे खुथवा मोड़ के पास मिला। पुलिस के अनुसार मृतक के सिर पर कई गहरे घाव थे तथा शरीर के निचले हिस्से से कपड़े गायब थे। प्रारंभिक जांच में हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
गढ़वा अस्पताल भेजा गया शव
रंका पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं रामानुजगंज से मृतक की बाइक बरामद होने के बाद पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है।
कार और ऑटो में आग लगाने की भी चर्चा
मिशन चौक क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि शुक्रवार को अमन ओझा ने एक कार और ऑटो रिक्शा में आग लगा दी थी। इसके बाद कुछ लोगों द्वारा उसकी पिटाई किए जाने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद वह एक व्यक्ति की बुलेट मोटरसाइकिल लेकर फरार बताया जा रहा था।
सभी एंगल से जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग, पुरानी रंजिश और हालिया विवाद समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अमन ओझा की हत्या के बाद शहर में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।



