हाथोर समाचार ,सूरजपुर। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा राज्य प्रशासनिक सेवा के 75 अधिकारियों के तबादले का बड़ा आदेश जारी किया गया है, जिसमें सूरजपुर जिले में भी महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव देखने को मिले हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से अवर सचिव क्लेमेन्टीना लकड़ा द्वारा जारी आदेश में अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ के पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं।

जिले की जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कमलेश नंदिनी साहू का स्थानांतरण विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी, उद्योग संचालनालय रायपुर के रूप में किया गया है। उनकी जगह पूर्व में सूरजपुर के एसडीएम रह चुके राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी श्री विजेन्द्र सिंह पाटले को जिला पंचायत सीईओ के रूप में पदस्थ किया गया है। श्री पाटले की पुनः नियुक्ति से जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसी क्रम में भैयाथान के एसडीएम सागर सिंह का तबादला संयुक्त कलेक्टर, कबीरधाम के रूप में हुआ है। वहीं रायपुर में संयुक्त कलेक्टर के रूप में कार्यरत और पूर्व में सूरजपुर एसडीएम रह चुके श्री पुष्पेन्द्र कुमार शर्मा को पुनः सूरजपुर में संयुक्त कलेक्टर के रूप में पदस्थ किया गया है। उनके अनुभव से जिले की प्रशासनिक गतिविधियों में मजबूती आने की संभावना है।
सरकार का यह तबादला आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। इन नए अधिकारियों की नियुक्ति से जिले में प्रशासनिक प्रणाली को नई दिशा और ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय प्रशासनिक हलकों एवं आमजन के बीच इन बदलावों को लेकर चर्चा जोरों पर है।