दैनिक हाथोर समाचार ,अंबिकापुर। शहर के मशहूर होटल ग्रांड बसंत रेस्टोरेंट से एक बड़ा लापरवाही का मामला सामने आया है। रेस्टोरेंट में परोसी गई वेज बिरयानी से मरा हुआ कॉकरोच निकलने के बाद हड़कंप मच गया। उपभोक्ता की शिकायत और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने रेस्टोरेंट पर छापा मार कार्रवाई शुरू की।

गुतुरमा (सीतापुर) निवासी अमित गुप्ता ने 1 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें वेज बिरयानी में मरा हुआ कॉकरोच साफ दिखाई दे रहा था। अमित ने आरोप लगाया कि होटल प्रबंधन की लापरवाही से उनकी सेहत पर गंभीर खतरा मंडरा गया। मामला संज्ञान में आते ही जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन सक्रिय हुआ और अगले ही दिन रेस्टोरेंट की रसोई का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान रेस्टोरेंट में साफ-सफाई और हाइजीन को लेकर कई चौंकाने वाली खामियां सामने आईं। टीम ने बिरयानी और वेज करी के सैंपल जब्त कर रायपुर स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिए। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 और नियम 2011 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय टीम ने पाया कि रसोई में कीट नियंत्रण, पानी की जांच, कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट और व्यक्तिगत स्वच्छता के मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। इस पर रेस्टोरेंट प्रबंधन को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है और सभी खामियां तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस घटना से शहरवासियों में रोष और चिंता का माहौल है। लोग अब होटल-रेस्टोरेंट में परोसे जाने वाले खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठाने लगे हैं। विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी और अन्य रेस्टोरेंट्स पर भी सख्त निगरानी रखी जाएगी।



