“एनडीए की एकतरफा जीत पर टी.एस. सिंहदेव का तंज: ‘मजा नहीं आया, नतीजे हर कल्पना के विपरीत’

हाथोर समाचार ,सूरजपुर। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों में एनडीए को मिली एकतरफा और अप्रत्याशित जीत ने पूरे राजनीतिक परिदृश्य को हिला दिया है। जहां एक ओर एनडीए के उम्मीदवारों ने रिकॉर्ड बढ़त के साथ जीत दर्ज की, वहीं विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टी.एस. सिंहदेव ने सूरजपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान चुनाव नतीजों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी।

सिंहदेव ने कहा कि मुकाबला पूरी तरह एकतरफा हो गया, जिससे लोकतांत्रिक चुनाव की वह तीखी प्रतिस्पर्धा दिखाई नहीं दी जिसकी उम्मीद थी। उन्होंने कहा, “मजा नहीं आया। दोनों लिहाज से महागठबंधन पीछे रह गया। लेकिन इतना ज्यादा अंतर, जो हर कल्पना के विपरीत था। बहरहाल, जो जीते हैं उनको बधाई। बेहतर बिहार की देखरेख हो।”
उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले बिहार की राजनीतिक चर्चाओं में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की उम्र और आगे नेतृत्व को लेकर कई तरह की अटकलें थीं, लेकिन नतीजों ने साबित कर दिया कि जनता का भरोसा अब भी उन पर कायम है।

सिंहदेव ने कहा कि जेडीयू के प्रत्याशियों को इस बार पिछले चुनाव की तुलना में ज्यादा फायदा मिला है। इसके पीछे उन्होंने दो मुख्य कारण गिनाए—पहला, जेडीयू के कार्यकर्ताओं में यह भावना कि अपने नेता को एक बार फिर मुख्यमंत्री बनाना है, जिसके लिए उन्होंने बूथ स्तर तक कड़ी मेहनत की। दूसरा, नीतीश कुमार की व्यक्तिगत छवि का लाभ एनडीए के समग्र वोट प्रतिशत में भी साफ दिखा।

इसके अलावा उन्होंने 10 हजार रुपये वाली योजना को भी एनडीए की जीत का एक बड़ा कारण बताया। सिंहदेव ने कहा कि इस योजना का लाभ सीधे तौर पर महिला मतदाताओं पर पड़ा और संख्या व प्रतिशत दोनों ही लिहाज से महिलाओं ने एनडीए के पक्ष में बड़ी संख्या में मतदान किया।

बिहार के राजनीतिक विश्लेषकों का भी कहना है कि इस चुनाव में महिला मतदाताओं ने निर्णायक भूमिका निभाई है। वहीं महागठबंधन की रणनीति और सीटों पर चयन को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं, जिससे विपक्षी खेमे में निराशा साफ दिख रही है।

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग