निजी स्कूल में मासूम को पेड़ से लटकाकर दी तालिबानी सज़ा ,वीडियो वायरल होने पर हरकत में आया शिक्षा विभाग

हाथोर समाचार,सूरजपुर। जिले के रामानुजनगर विकासखंड से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। शिक्षा के मंदिर माने जाने वाले विद्यालय में के.जी.-II में पढ़ने वाले एक मासूम बच्चे को होमवर्क पूरा न करने की सज़ा में निजी स्कूल की शिक्षिका ने पेड़ से लटका दिया। घटना का वीडियो सामने आते ही पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।

दरअसल, घटना नारायणपुर के हांसवानी विद्या मंदिर स्कूल की है। बताया जा रहा है कि बच्चे ने होमवर्क पूरा नहीं किया था, जिस पर ग़ुस्से में आई शिक्षिका ने बच्चे की यूनिफॉर्म में रस्सी बांधी और उसे पेड़ से घंटों तक लटकाकर रखा। इस दौरान बच्चे का दर्द और डर साफ देखा जा सकता था। एक ग्रामीण ने इस अमानवीय कृत्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो आग की तरह फैलते ही पूरा मामला चर्चा का विषय बन गया।

वीडियो सामने आते ही जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विकासखंड शिक्षा अधिकारी को मौके पर पहुंचकर जांच के निर्देश दिए। अधिकारियों को शाम 4 बजे तक विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने कहा गया है।
इधर, तालिबानी सज़ा की खबर मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ स्कूल के पास जमा हो गई और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगी।

गौर करने वाली बात यह है कि स्कूल संचालक का गैरजिम्मेदाराना बयान भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने इस अमानवीय कृत्य को “मामूली सज़ा” बताते हुए कहा कि— “बच्चा पढ़ता नहीं था, उसे डराने के लिए ऐसा किया गया।”
उनका यह बयान लोगों के आक्रोश को और भड़का रहा है।

सामान्य लोगों ने भी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि “यदि यह मामूली-सी सज़ा किसी बड़ी अनहोनी में बदल जाती, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता?”

जांच प्रतिवेदन भेजा जा रहा है

फिलहाल जांच प्रतिवेदन तैयार कर जिला शिक्षा अधिकारी सूरजपुर को भेजा जा रहा है।

डी.एस. लकरा
विकासखंड शिक्षा अधिकारी, रामानुजनगर

खबरें और भी हैं...

फॉलो करें

64,000FansLike
47FollowersFollow
5,480SubscribersSubscribe

ट्रेंडिंग

WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें