हाथोर समाचार,बलरामपुर जिले में अवैध धान परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में रामानुजगंज SDM आनंद राम नेताम का कड़ा संदेश सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा में है।

कुछ दिनों पहले धान तस्करों ने साउथ इंडियन फिल्म पुष्पा के मशहूर डायलॉग — “मैं हरगिज झुकेगा नहीं” — की तर्ज पर वीडियो बनाकर प्रशासन को चुनौती दी थी। लेकिन इस बार प्रशासन ने पलटवार किया। रामानुजगंज SDM ने अपने अंदाज़ में वीडियो जारी कर साफ संदेश दिया — “तू झुकेगा नहीं तो मैं छोड़ने वाला नहीं!”
SDM आनंद राम नेताम की टीम ने वायरल वीडियो बनाने वाले तस्करों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। तहसीलदार के वाहन के सामने शासकीय वाहन को रोककर डंडा लहराने वाले शातिर बदमाश को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया। यह कार्रवाई अब जिले में कानून की सख्ती का प्रतीक बन गई है और वीडियो काफी ट्रेंड कर रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सरहदी क्षेत्रों से दूसरे राज्यों से आने वाले अवैध धान परिवहनकर्ताओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। राजस्व और निगरानी टीम 24 घंटे अलर्ट मोड में है और तस्करों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जा रहा है।
जनता से भी अपील की गई है कि अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि धान तस्करी पूरी तरह रोकी जा सके।



