हाथोर समाचार, सूरजपुर। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति चन्द्रमेढ़ा के धान खरीदी केंद्र के पास कम्युनिस्ट पार्टी द्वारा बिना अनुमति लगाए गए धरना–प्रदर्शन से परेशान किसानों ने सोमवार को भैयाथान एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। किसानों का आरोप है कि इस अवैध धरने के कारण धान बेचने पहुंच रहे किसान गुमराह हो रहे हैं और खरीदी कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है।

किसानों ने लिखित शिकायत में कहा है कि धरना स्थल पर रात के समय शराब सेवन, डी.जे. और अश्लील गानों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे महिलाओं और बच्चों के लिए असुरक्षित वातावरण बन गया है। उनका कहना है कि प्रदर्शन के चलते धान खरीदी व्यवस्था प्रभावित होने की पूरी आशंका है।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि लगातार जारी यह अवैध धरना खरीदी प्रक्रिया पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है, जिससे किसानों को भारी परेशानी झेलनी पड़ सकती है और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में भी बाधा आ सकती है।
किसानों ने एसडीएम से मांग की है कि धान खरीदी कार्य को ध्यान में रखते हुए इस अवैध धरना–प्रदर्शन को तत्काल हटाया जाए, ताकि खरीदी केंद्र पर व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।
शिकायत की प्रतिलिपि कलेक्टर सूरजपुर, पुलिस अधीक्षक सूरजपुर एवं पुलिस चौकी चेंद्रा को भी भेजी गई है।
इस दौरान प्रदीप पैकरा , लालसाय सिहं पावले, राममिलन, पवन पैकरा सरपंच मरहटा ,श्यामलाल पैकरा सरपंच कटिंदा ,देव कुमारी पैकरा सरपंच चंद्रामेढ़ा ,अर्जुन पैकरा ,राधेश्याम रामनाथ ,रवि पैकरा ,श्रीपाल, शिवकुमार नायक ,रामचरित्र राजवाड़े, भोला सिंह, प्रदीप कुंदन ,गौरी ,शंकर शामिल रहे।



